मोहाली — पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेहत को लेकर चिंताएं फिर बढ़ गई हैं। सोमवार देर शाम उन्हें दोबारा मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हैरानी की बात यह है कि मान को सोमवार सुबह ही इसी अस्पताल से छुट्टी दी गई थी, लेकिन दिन भर की भागदौड़ के बाद उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई।
रैली के लिए लिया था डिस्चार्ज दरअसल, रविवार को सीएम मान को रूटीन चेकअप और थकावट की शिकायत के बाद फोर्टिस में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई थी। लेकिन सोमवार को मोगा में पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत एक बड़ी रैली थी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम मान ने अस्पताल से छुट्टी ले ली।
अस्पताल से निकलते ही वे सीधे मोगा के किल्ली चाहलां गांव पहुंचे। वहां उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ मंच साझा किया और जनता को संबोधित भी किया। रैली में जाने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने समर्थकों से वहां पहुंचने की अपील भी की थी।
भाषण के बाद बिगड़ी हालत सूत्रों के मुताबिक, रैली के दौरान भी सीएम मान थोड़े असहज नजर आ रहे थे। भाषण खत्म करने और कार्यक्रम संपन्न होने के बाद, वे घर जाने के बजाय सीधे वापस मोहाली अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि सफर और धूप की वजह से उन्हें भारी थकान और कमजोरी महसूस हो रही थी।
अस्पताल सूत्रों का कहना है कि डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें आराम की सख्त सलाह दी गई है।
बता दें कि इससे पहले महाशिवरात्रि के मौके पर सीएम मान और अरविंद केजरीवाल ने संगरूर के धूरी में श्री रणकेशवर महादेव शिव मंदिर में माथा टेका था, जिसके बाद रविवार को पहली बार उनकी तबीयत खराब हुई थी। सीएम के दोबारा अस्पताल जाने की खबर से उनके समर्थकों में मायूसी है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
Discover more from Enoxx News (Hindi)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
