शिमला 16 नवम्बर – शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज चौपाल उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खद्दर में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और विद्यालय के शिक्षक-विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं। प्रधानाचार्य ने विद्यालय में वर्षभर आयोजित शैक्षणिक एवं सहगतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षित व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है तथा शिक्षा मनुष्य को सभ्य और संस्कारित बनाती है। उन्होंने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए राज्य सरकार ने बीते तीन वर्षों में कई परिवर्तनकारी पहल की हैं। इसमें करीब 7000 नियमित शिक्षकों की नियुक्ति तथा 9000 से अधिक पदों को भरने की प्रक्रिया शामिल है। इनमें टीजीटी, जेबीटी, प्रवक्ता, सीएंडवी और एनटीटी शिक्षक शामिल हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी और टीजीटी अध्यापकों की परीक्षा दिसंबर में होगी।




विद्यालय के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने 16 लाख रुपये खर्च करके 3 बीघा भूमि खरीदी है। मंत्री ने बताया कि भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि हिमाचल प्रदेश को हाल ही में पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है। शिक्षण पद्धतियों को आधुनिक बनाने और शिक्षकों की क्षमता विकास हेतु सरकार इंडक्शन ट्रेनिंग भी शुरू कर रही है।
मंत्री ने विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है, जिससे ग्रामीण विद्यार्थी भी नए युग के साथ आगे बढ़ सकें। मेधावी छात्रों को विदेश यात्रा के अवसर देने जैसी पहल से विद्यार्थियों की अंतरराष्ट्रीय समझ बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि एएसईआर और एनएएस सर्वे में प्रदेश के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार आया है और आगे भी शिक्षा स्तर ऊंचाइयों को छूने की उम्मीद जताई।
समारोह में पूर्व महासचिव हिमाचल कांग्रेस कमेटी रजनीश किमटा सहित स्थानीय पंचायती पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा कांग्रेस के वरिष्ठ-युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा भी की और पुरस्कार वितरित किए।
Discover more from Enoxx News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
