ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के बीटा-2 सेक्टर में एक युवक ने एक 27 वर्षीय युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को पार्क के पास खड़ी एक कार के नीचे छिपा दिया। आरोपी की पहचान अंकित कुमार के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
मृतका दीपा, जो मूल रूप से महोबा की रहने वाली थी, नोएडा के एक कॉल सेंटर में काम करती थी। रविवार रात जब वह काम से वापस नहीं लौटी और उसका फोन स्विच ऑफ आने लगा, तो उसके भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सोमवार सुबह बीटा-2 सेक्टर में एक कार के नीचे उसकी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो शक की सुई अंकित कुमार की तरफ घूमी, जो दीपा पर शादी का दबाव बना रहा था।
अपर पुलिस उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी अंकित को पकड़ने के लिए जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में अंकित ने कबूल किया कि दीपा द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से वह नाराज था। 11 जनवरी की रात उसने दीपा की हत्या की और मामले को सड़क हादसा (Accident) दिखाने के लिए शव को खड़ी कार के नीचे फंसा दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल, एक चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद किया है। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Discover more from Enoxx News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
