नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक ऐसी खौफनाक वारदात हुई, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी है। एक 30 साल की महिला ने अपने ही सगे भांजे (करीब पौने दो साल) की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी। जिस मौसी की उंगली पकड़कर मासूम पार्क में खेलने गया था, उसी ने उसकी सांसें हमेशा के लिए छीन लीं।
ननिहाल में पसरा मातम पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चा मूल रूप से पुरानी सीलमपुर का रहने वाला था। वह कुछ दिन पहले ही अपनी मां के साथ मुखर्जी नगर स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे, बच्चे की 30 वर्षीय अविवाहित मौसी उसे घुमाने और खिलाने के बहाने पास के ही एक पार्क में ले गई। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह बच्चे के साथ क्या करने वाली है। पार्क में अचानक उसने मासूम पर जानलेवा हमला कर दिया और उसका गला घोंट दिया।
चश्मदीद माली ने बयां किया खौफनाक मंजर घटना का खुलासा तब हुआ जब पार्क के आस-पास मौजूद लोगों ने कुछ शोरगुल सुना। इलाके में काम करने वाले माली राहुल ने मीडिया को बताया कि यह घटना लंच के ठीक बाद की है। राहुल ने कहा, “हम लोग खाना खाकर थोड़ा बैठे ही थे कि तभी पार्क की तरफ से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। जब हम भागकर वहां पहुंचे, तो देखा कि एक महिला जमीन पर बैठी है और उसकी गोद में वो छोटा सा बच्चा है। जब मैं पास गया तो देखा कि बच्चे के शरीर में कोई हलचल नहीं थी, उसकी मौत हो चुकी थी।”
आनन-फानन में एक स्थानीय नागरिक ने दरियादिली दिखाते हुए बच्चे को गोद में उठाया और दौड़कर पास के ही एक निजी अस्पताल में ले गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।
डिप्रेशन का शिकार है आरोपी मौसी घटना की भनक लगते ही बच्चे के मामा ने तुरंत पुलिस को कॉल किया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी महिला वहां बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेते हुए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण और इलाज चल रहा है।
शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिला गंभीर रूप से डिप्रेशन (मानसिक तनाव) से जूझ रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक स्थिति के चलते उसने इस खौफनाक कदम को उठाया। घटना का एक दिल चीर देने वाला वीडियो भी सामने आया है जिसमें महिला बच्चे के शव को गोद में लिए बैठी नजर आ रही है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असली वजह और घटना के वक्त के सटीक हालातों का पता लगाया जा सके।
Discover more from Enoxx News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
